

देहरादून। प्रदेश के विभिन्न जनपदों में प्राथमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत बेसिक शिक्षकों के 400 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डा.धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा है।
शिक्षा मंत्री डा.रावत ने शनिवार को शासकीय आवास पर विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए रिक्त पदों को जल्द भरा जाए। इसके साथ ही शिक्षकों के समायोजन पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में छात्र संख्या कम है और आवश्यकता से अधिक शिक्षक तैनात हैं, वहां से शिक्षकों को ऐसे विद्यालयों में भेजा जाए, जहां छात्र संख्या अधिक होने के बावजूद पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं।
मंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। इससे विद्यालयों में शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। बैठक में सचिव शिक्षा ज्योति यादव,महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा आकांक्षा कोंडे सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
खेल मैदान निर्माण के लिए खेल विभाग से होगा एमओयूशिक्षा मंत्री ने प्रत्येक जनपद में ब्लाक स्तर पर एक-एक विद्यालय में खेल मैदान विकसित करने की बात कही। इसके लिए शिक्षा विभाग विद्यालय परिसर में भूमि उपलब्ध कराएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के साथ इस संबंध में एमओयू किया जाएगा।



