
देहरादून, । ग्राफिक एरा में ‘स्टूडेंट ग्राफेस्ट-2026’ का शानदार आगाज़ होते ही पूरा कैंपस सुर-ताल के रंग, जोश और उमंग से भर गया। गीत, डांस और रैप की धूम के साथ युवा कलाकारों ने पहली ही शाम को यादगार बना दिया। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के ग्राउंड में आज युवा हुनर का ऐसा मेला सजा कि जिधर नज़र गई, उधर सिर्फ रौनक ही दिखाई दी। कहीं सुरों की गूंज, कहीं थिरकते पैरों की धमक और कहीं तालियों का शोर, पूरा मैदान जोश और धमाल के समंदर में डूबा नज़र आया। कार्यक्रम की शुरुआत सोलो सिंगिंग (वेस्टर्न) प्रतियोगिता से हुई, जिसमें मान्या, वखाइल, शौर्या डोगरा, अनाया डोनेगन और अंशिका शर्मा ने वेस्टर्न धुनों की लहर पर श्रोताओं को देर तक बांधे रखा। सुरों के बाद बारी आई थिरकते कदमों की, सोलो डांस के वेस्टर्न/फ्रीस्टाइल केटेगरी में भव्या देशवाल, कृतिका, ओम राजपूत, कनु शर्मा और गौरव सिंह रावत ने बिजली-सी फुर्ती से सबको दीवाना बना दिया, जबकि क्लासिकल/फोक केटेगरी में भव्या मित्तल, पीयूष राणा, अनुभा कंडपाल, रिद्धिमा नेगी और ईशानी भारद्वाज ने भाव-भंगिमाओं से सबका मन मोह लिया। ग्रुप डांस के वेस्टर्न/फ्रीस्टाइल केटेगरी में ज़ेनिथ, क्रू इन्क्रेडिबल्स, डी-डायनामिक्स, फ्लो कैटलिस्ट्स और द ट्रॉन्स ने आधुनिक अंदाज़ में धमाल मचाया, तो क्लासिकल/फोक केटेगरी में टीम रामैलोचा, वेधा, नटरंग, साधना रंगमंच और देहरादून भांगड़ा क्लब ने परंपराओं के रंग बिखेरकर माहौल को सांस्कृतिक उत्सव में बदल दिया। स्टूडेंट ग्राफेस्ट-2026 के पहले दिन की इस जगमगाती शुरुआत ने साबित कर दिया कि ग्राफेस्ट महज़ एक आयोजन नहीं, बल्कि युवा सपनों की उड़ान का सबसे बड़ा उत्सव है। इस अवसर पर ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ कमल घनशाला ने कहा कि ग्राफेस्ट का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को कुशल प्रोफेशनल बनाने के साथ ही बेहतरीन इंसान भी बनाना है। विभिन्न प्रकार की संस्कृतियों से रूबरू होने, टीम भावना, अनुशासन और मंचीय प्रतिभा का विकास ऐसे आयोजनों से संभव है और विभिन्न स्पर्धाएं भावी प्रोफेशनल्स को व्यवहारिक समझ और सामाजिक सरोकारों से जोड़ती है स्टूडेंट ग्राफेस्ट में यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ नरपिंदर सिंह, प्रो-वीसी डॉ संतोष एस सर्राफ कुलसचिव डॉ नरेश कुमार शर्मा, विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, शिक्षक शिक्षिकाएं और मैदान में उमड़े हजारों छात्र-छात्राएं गीतों की धुन पर गुनगुनाते व उल्लास के रंग में सराबोर दिखाई दिए।



