
Haldwani : उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में नकदी चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मुखानी थाना क्षेत्र में एक युवक बैंक से दो लाख रुपये निकालकर घर लौट रहा था, लेकिन कुछ ही देर में पूरी रकम चोरी हो गई। आरोपी ने स्कूटी की डिग्गी से नकदी निकालकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी युवक का पीछा कर रहा था और मौका मिलते ही डिग्गी से रकम निकाल ली।
बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रहा था युवक
जानकारी के अनुसार लखनपुर गौलापार निवासी दीपक शर्मा ने 20 मई की सुबह कुसुमखेड़ा स्थित एसबीआई शाखा से दो लाख रुपये निकाले थे। बैंक से रकम निकालने के बाद उन्होंने पैसे स्कूटी की डिग्गी में रख दिए और घर के लिए रवाना हो गए।
रास्ते में दीपक पीलीकोठी इलाके में रुके और खाना खाने के लिए अपनी स्कूटी पार्क कर KFC में चले गए। करीब 20 मिनट बाद जब वे वापस लौटे और स्कूटी की डिग्गी खोली तो अंदर रखी पूरी नकदी गायब थी।
बिना तोड़फोड़ के गायब हुई रकम
पीड़ित दीपक शर्मा का कहना है कि स्कूटी में किसी तरह की जबरन तोड़फोड़ के निशान नहीं मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पहले से उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए था और किसी तरीके से डिग्गी खोलकर नकदी निकाल ली।
नौतपा की तेज धूप में भूलकर भी न पहने 100 रुपये वाला चश्मा, आंखों पर पड़ सकता है बुरा असर
घटना के बाद दीपक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। नकदी चोरी की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मुखानी थाना पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं बैंक से ही किसी व्यक्ति ने दीपक का पीछा तो नहीं किया था।
थानाध्यक्ष सुशील जोशी ने बताया कि मामले में तहरीर दर्ज कर ली गई है और जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द आरोपी तक पहुंचा जा सकेगा।
फुटपाथ पर भीख मांग रहा था मेडिकल छात्र, मुंबई पुलिस ने पिता से मिलाया तो भावुक हो उठा थाना
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
इस घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक से बड़ी रकम निकालने के बाद सतर्क रहें और लंबे समय तक वाहन में नकदी न छोड़ें। खासकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
