मसूरी में फिर खौफनाक हादसा, चार दुकान रोड पर पिकअप वाहन खाई में गिरा – पर्वतजन

 
पर्यटन नगरी मसूरी में एक बार फिर सड़क हादसे ने दहशत का माहौल पैदा कर दिया। चार दुकान रोड पर एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार दोनों लोग पूरी तरह सुरक्षित रहे।
 

बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में कुल दो लोग सवार थे। इससे पहले भी मसूरी में कई दर्दनाक सड़क हादसे सामने आ चुके हैं, जिनमें कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। पहाड़ी सड़कों की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए यहां थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
 
मसूरी कोतवाल देवेन्द्र चौहान ने बताया कि 112 आपात सेवा के माध्यम से कोतवाली मसूरी को सूचना मिली थी कि चार दुकान रोड पर एक वाहन खाई में गिर गया है और उसमें आग लगने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ चौकी लंढौर से अतिरिक्त पुलिस टीम आपदा उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गई।
 
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पाया कि वाहन संख्या यूके09 सीए 1086, पिकअप, चार दुकान से आगे सड़क किनारे लगी रेलिंग को तोड़ते हुए नीचे गिरा हुआ था। हालांकि जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि वाहन में किसी भी प्रकार की आग नहीं लगी थी।
 
पुलिस जांच में सामने आया कि पिकअप वाहन चार दुकान से मलिंगार की ओर जा रहा था। वाहन में चालक सहित दो व्यक्ति सवार थे। मोड़ पर अचानक ब्रेक फेल हो जाने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और पिकअप रेलिंग तोड़ते हुए सड़क से नीचे खाई में जा गिरा।
 
हादसे के बावजूद दोनों व्यक्ति सुरक्षित पाए गए और उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और आवश्यक कार्रवाई पूरी की।
 
स्थानीय लोगों का कहना है कि चार दुकान रोड पर तीखे मोड़ और तेज ढलान के कारण वाहन चालकों को अक्सर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस घटना के बाद एक बार फिर प्रशासन से इस मार्ग पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग उठने लगी है।
 
गौरतलब है कि उत्तराखंड में आए दिन सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही है। पुलिस और प्रशासन द्वारा किए जा रहे दावों के बावजूद सड़क दुर्घटनाओं पर अब तक प्रभावी नियंत्रण नहीं लग पाया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks