
रुद्रपुर। भूतबंगला स्थित मंदिर में मांस फेंकने का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। इसका पता चलते ही पुलिस पहुंची और जानकारी ली। साथ ही लोगों को समझाबुझाकर मामला शांत कराया। बाद में भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज से जुड़े लोगों ने कोतवाल को तहरीर सौंप कार्रवाई की मांग की। मामले की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है।
आरोपित ने गालीगलौज कीभूतबंगला वार्ड छह में वाल्मीकि समाज का मंदिर है। आरोप है कि शुक्रवार शाम को भूतबंगला वार्ड 20 में रहने वाले दूसरे समुदाय के उत्तराखंड पुलिस में तैनात पुलिस कर्मी ने मंदिर में मांस फेंक दिया। इसका पता चलते ही स्थानीय लोगों का मंदिर परिसर में जमावड़ा लग गया। आक्रोशित लोगों ने मंदिर में मांस फेंकने का विरोध किया तो आरोपित ने उनसे गालीगलौज की। मामला बिगड़ता देख किसी ने सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी ली और मामला शांत कराया। जिसके बाद भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज के जिलाध्यक्ष विजेंद्र गोटशे की अगुआई में लोग कोतवाल प्रकाश दानू से मिले। इस दौरान कोतवाल को शिकायती पत्र सौंपते हुए कहा कि पुलिस कर्मी शहर का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने आरोपित पुलिस कर्मी पर कार्रवाई की मांग की है। इस पर कोतवाल ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। जांच में आरोप सही पाए गए तो आरोपित पर कार्रवाई की जाएगी। बताया कि आरोपित पुलिस कर्मी है या नहीं, इसके संबंध में भी जांच की जा रही है।
