राष्ट्रीय खेल नीति-2025 के अनुरूप बनेगी नई राज्य खेल नीति, गोलापार खेल विश्वविद्यालय में अगले माह से शुरू होगा शैक्षणिक सत्र
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को समयबद्ध तरीके से सरकारी सेवा में समायोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नियुक्ति की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और अधिक से अधिक खिलाड़ियों को खेल विभाग में ही नियुक्ति देने की कार्ययोजना तैयार की जाए।
सचिवालय में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य की नई खेल नीति को केंद्र सरकार की राष्ट्रीय खेल नीति-2025 के अनुरूप तैयार किया जाए। साथ ही उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय, गोलापार (हल्द्वानी) में आगामी माह से शैक्षणिक सत्र शुरू करने के लिए प्रवेश, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति सहित सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले 39वें राष्ट्रीय खेलों के लिए अभी से विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू किए जाएं। विभिन्न खेल संघों के सहयोग से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान और चयन प्रक्रिया तेज की जाए, ताकि उत्तराखंड पिछले प्रदर्शन से भी बेहतर परिणाम हासिल कर सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य देवभूमि को देश की अग्रणी खेलभूमि के रूप में स्थापित करना है।
उन्होंने 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान विकसित खेल अवसंरचना के संरक्षण और बेहतर उपयोग पर विशेष जोर देते हुए महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून, गोलापार स्टेडियम, रुद्रपुर वेलोड्रोम, टिहरी झील, हरिद्वार और पिथौरागढ़ के खेल परिसरों के रखरखाव के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने “एक जिला-एक स्पोर्ट्स” तथा “एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम” योजना को गति देने पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक जिले में निर्धारित खेल के लिए कोचिंग, प्रतिभा खोज और प्रतियोगिताओं का मजबूत तंत्र विकसित किया जाए। जिला खेल छात्रावासों को संबंधित खेलों की नर्सरी के रूप में विकसित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अब तक 29 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में समायोजित किया जा चुका है। “एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम” योजना के तहत 48 मिनी स्टेडियम बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि 10 का निर्माण कार्य जारी है।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि भारत का पहला महिला आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेज लोहाघाट तेजी से आकार ले रहा है। वहीं उत्तराखंड का पहला और देश का दसवां राज्य खेल विश्वविद्यालय, गोलापार (हल्द्वानी) में पुस्तकालय, अनुसंधान केंद्र, शूटिंग रेंज, बैडमिंटन हॉल, हॉकी एवं फुटबॉल मैदान, 8-लेन एथलेटिक्स ट्रैक सहित 39 आधुनिक खेल अवसंरचना परियोजनाओं का निर्माण किया जा रहा है।
बैठक में खेल मंत्री रेखा आर्या, प्रमुख सचिव ए.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
my uttarakhand news Bureau Dehradun, 19 Aug: Governor Lt Gen (Retd) Gurmit Singh, addressing probationers…
आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार के लिए 35 कार्यकर्तियां भी सम्मानित होंगी 8 अगस्त को देहरादून में…
my uttarakhand news Bureau Dehradun, 18 Aug: Senior BJP leader Vivekanand Khanduri has issued a…
my uttarakhand news Bureau Dehradun, 19 Aug: BJP state media in-charge Manveer Singh Chauhan today…
सौड़ा सरौली में सुरक्षा दीवारों का निर्माण पूर्णता की ओर, कलिंगा नहर बहाल होने से…
Following the accident in the THDC tunnel currently under construction, and acting under the directives…