देहरादून: नगर निगम देहरादून की चतुर्थ बोर्ड बैठक में बुधवार को शहर के विकास और जनहित से जुड़े 65 प्रस्तावों पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान हंगामा और तीखी नोकझोंक के बीच कई अहम फैसले लिए गए। सबसे महत्वपूर्ण निर्णय किन्नरों द्वारा मांगी जाने वाली बधाई राशि को लेकर रहा।
नगर निगम बोर्ड ने तय किया कि किन्नरों को अधिकतम ₹5,100 तक ही बधाई राशि दी जाएगी। इससे अधिक धनराशि मांगने पर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में हंगामा, अधूरी रही चर्चा
बोर्ड बैठक के दौरान भाजपा और कांग्रेस पार्षद कई बार आमने-सामने आए। आरोप-प्रत्यारोप और बहस के कारण सभी 65 प्रस्तावों पर चर्चा पूरी नहीं हो सकी। शेष प्रस्तावों पर चर्चा के लिए बैठक गुरुवार सुबह 11 बजे फिर से आयोजित की जाएगी।
सफाई कर्मियों का मानदेय बढ़ा
बैठक में नगर निगम के सफाई कर्मियों (पर्यावरण मित्रों) का मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। अब उनका दैनिक मानदेय ₹500 से बढ़ाकर ₹800 कर दिया गया है।
साथ ही प्रत्येक वार्ड में पर्यावरण मित्रों का समान वितरण सुनिश्चित करने की घोषणा भी की गई।
पहले भी रखा गया था प्रस्ताव
किन्नरों की बधाई राशि तय करने का प्रस्ताव पिछली बोर्ड बैठक में भी लाया गया था, लेकिन उस समय इसे मंजूरी नहीं मिल पाई थी। इस बार विस्तृत चर्चा के बाद प्रस्ताव को अनुमोदन दे दिया गया।
अब देखना होगा कि नगर निगम के इस फैसले पर किन्नर समाज की क्या प्रतिक्रिया रहती है।
मेयर ने क्या कहा?
देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने बताया कि बोर्ड बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई और जनहित में निर्णय लिए गए। किन्नरों की ओर से मांगी जाने वाली बधाई धनराशि अधिकतम ₹5,100 निर्धारित करने के प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया है।
Post Views: 1
Post navigation
