देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर जारी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील मामले में वे लोग राजनीति कर रहे हैं, जिन्हें जनता पहले ही नकार चुकी है।
मंगलवार को कैंट रोड स्थित अपने कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भावुक अंदाज में कहा कि सरकार शुरू से ही अंकिता को न्याय दिलाने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
‘असली पीड़ित अंकिता के माता-पिता’
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिवंगत अंकिता के माता-पिता की भावनाओं का सम्मान करते हुए मामले की सीबीआई जांच शुरू करा दी गई है। उन्होंने दो टूक कहा कि इस मामले में वास्तव में पीड़ित केवल अंकिता के माता-पिता हैं, जबकि बाकी लोग राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कुछ ऐसे लोग भी हैं, जो जब स्वयं सीबीआई जांच के दायरे में आए तो उसी एजेंसी पर सवाल उठाने लगे। जनता सब जानती है।
सरकार की कार्रवाई का दिया ब्यौरा
मुख्यमंत्री ने बताया कि मामला सामने आते ही सरकार ने त्वरित कार्रवाई की। जिन लोगों के नाम सामने आए, उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। एक महिला आईपीएस अधिकारी की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया गया और लगभग एक हजार पन्नों की रिपोर्ट कोर्ट में पेश की गई। फिलहाल तीन आरोपी जेल में हैं।
‘दूध का दूध, पानी का पानी होगा’
सीएम धामी ने कहा कि अब जब वीआईपी एंगल की जांच सीबीआई कर रही है, तो थोड़ा धैर्य रखना चाहिए। यदि कोई भी व्यक्ति—चाहे वह वीआईपी हो या कोई अन्य—दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं से भावुक स्वर में कहा, “सरकार किसी अपराधी को बचाने का काम नहीं करेगी। आपका भाई आपके मान-सम्मान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेगा।”
Post Views: 1
Post navigation
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और लगन से…
आरोप लगाने का शौक है तो प्रमाण लेकर आइये, राजनीतिक नौटंकी बंद कीजिए : हेमंत…
मुख्यमंत्री की कुमाऊँनी वॉइस क्लिप से हुई अभियान की शुरुआत लोकभाषाओं के संरक्षण एवं संवर्धन…
पुरानी एवं बार बार खराब हो रही 108 एम्बुलेंस वाहनों को तत्काल बदला जाए: मुख्य…
देहरादून। दीपावली और त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने…
Ankita Murder Case: CBI की पूछताछ के बाद उर्मिला सनावर को अदालत ने क्यों बुलाया?…