
एटीएस कॉलोनी के पास मिला शव, सिर और चेहरे पर थे गंभीर चोटों के निशान; पुलिस ने शुरू की जांच
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में एटीएस कॉलोनी के पास एक निर्माणाधीन भवन में सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के गोबिंदगढ़ निवासी पंकज मित्तल (52) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में उनकी मौत निर्माणाधीन भवन की पांचवीं मंजिल से नीचे गिरने के कारण होना प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सूचना मिली कि रायपुर थाना क्षेत्र में एटीएस कॉलोनी से पूर्व स्थित एक निर्माणाधीन भवन में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रायपुर और मयूर विहार चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां एक व्यक्ति चित अवस्था में पड़ा मिला। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं तथा काफी खून बहा हुआ था। मृतक की पहचान पंकज मित्तल पुत्र पवन कुमार, निवासी मकान संख्या 370, बट्टन लाल रोड, वार्ड संख्या 18, सेक्टर 3-ए, गोबिंदगढ़, जिला फतेहगढ़ साहिब, पंजाब के रूप में हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके का वैज्ञानिक एवं तकनीकी निरीक्षण कराया गया।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मौत की वास्तविक वजह और घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर लगाया जाएगा। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Post Views: 3
Post navigation


