लक्सर में नकली पनीर बनाने वाली इकाई पर छापा, 90 किलो पनीर और 6 क्विंटल पामोलीन तेल नष्ट – myuttarakhandnews.com

लक्सर। नवरात्र और दीपावली के त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र के संघीपुर गढ़ी गांव में पनीर बनाने वाली एक इकाई पर छापा मारा गया। जांच के दौरान दूध के बजाय पामोलीन ऑयल, स्किम्ड मिल्क पाउडर और केमिकल्स से पनीर बनाए जाने की बात सामने आई। टीम ने मौके से करीब 90 किलो तैयार पनीर और लगभग 6 क्विंटल पामोलीन ऑयल बरामद कर नष्ट करा दिया। साथ ही इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया है।
 
हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना मिली थी कि संघीपुर गढ़ी गांव में एक इकाई में पामोलीन ऑयल से एनालॉग यानी नकली पनीर तैयार कर लक्सर, हरिद्वार और आसपास के बाजारों में सप्लाई किया जा रहा है।
 
सूचना के आधार पर एसडीएम लक्सर अनिल कुमार शुक्ला, सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी, फूड इंस्पेक्टर दिलीप जैन और पुलिस टीम देर रात मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान इकाई में बड़े-बड़े टबों में पनीर तैयार किया जा रहा था। जांच में दूध के स्थान पर पामोलीन ऑयल, स्किम्ड मिल्क पाउडर और केमिकल्स का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आई।
 
एक बार में 26 क्विंटल पनीर बनाने की क्षमता वाले उपकरण मिले
 
छापेमारी के दौरान इकाई में करीब दो क्विंटल क्षमता का फ्राइंग टब, बड़े डीप फ्रीजर, पनीर जमाने के सांचे और अन्य उपकरण मिले। अधिकारियों के अनुसार, इकाई में एक बार में करीब 26 क्विंटल पनीर तैयार करने की क्षमता वाले उपकरण लगे हुए थे। विभाग को आशंका है कि यहां तैयार पनीर की आसपास के बाजारों में आपूर्ति की जा रही थी।
 
अधिकारियों ने बताया कि उत्तराखंड में एनालॉग पनीर के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद इकाई में कथित तौर पर इसका उत्पादन किया जा रहा था। पामोलीन ऑयल से तैयार ऐसे उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है।
 
नमूने जांच के लिए भेजे, संचालक पर होगी कार्रवाई
 
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पनीर और तेल के नमूने लेकर राजकीय प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इकाई संचालक को नोटिस भी जारी किया गया है।
 
सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर त्योहारों तक जिलेभर में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की चेतावनी देते हुए कहा कि अनियमितताएं मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मिलावट कर खाद्य पदार्थ बनाने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।


Post Views: 3

Post navigation

pooja Singh

Share
Published by
pooja Singh

Recent Posts

केदारनाथ धाम में धरने पर बैठे BKTC के कर्मचारी, अनिश्चितकालीन हड़ताल की दी चेतावनी, जानिए क्यों? – myuttarakhandnews.com

कर्मचारियों ने मंगलवार से एक सप्ताह तक मंदिर केदारनाथ मंदिर प्रांगण में क्रमिक अनशन करने…

58 minutes ago

रुद्रपुर में कारोबारी रोहिताश बत्रा और डॉ. दीपक छाबड़ा के आवासों पर 40 घंटे से जारी आयकर जांच – myuttarakhandnews.com

रुद्रपुर। कारोबारी रोहिताश बत्रा और डॉ. दीपक छाबड़ा के आवासों पर आयकर विभाग की कार्रवाई…

1 hour ago

मोबाइल पर टोकने से आहत आठवीं की छात्रा ने की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम – myuttarakhandnews.com

हल्द्वानी। उत्तराखंड के बिंदुखत्ता स्थित वेस्ट राजीवनगर में आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली 14 वर्षीय…

1 hour ago

16 और 17 अक्टूबर को आयोजित होगा फिक्की फ्लो बाजार 2026 –

  देहरादून, : फिक्की फ्लो उत्तराखण्ड ने आज दून लाइब्रेरी एंड रिसर्च सेंटर में आयोजित प्रेस…

1 hour ago