यमुनोत्री हाईवे पर डरावना मंजर: स्कूल बस में घुसा बोल्डर, बच्चों में मची अफरा-तफरी – पर्वतजन

डामटा के समीप यमुनोत्री हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विकासनगर से 27 स्कूली बच्चों को लाखामंडल दर्शन के लिए ले जा रही एक बस पर अचानक पहाड़ी से भारी चट्टानी मलबा और बोल्डर आ गिरे। यह हादसा उस स्थान पर हुआ, जहां राजमार्ग चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है।
 
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहाड़ी से गिरे बड़े बोल्डर ने बस का शीशा तोड़ते हुए भीतर तक प्रवेश कर लिया, जिससे बस में सवार बच्चों में दहशत फैल गई। हालांकि चालक की सूझबूझ से बस को तुरंत नियंत्रित कर सड़क किनारे रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

 
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस संख्या UK07 PA 0039 डामटा के पास से गुजर रही थी, तभी पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा नीचे आ गिरा। मलबे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बस के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।
 
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के चलते इस क्षेत्र में लगातार वाहनों पर खतरा बना हुआ है और पहले भी इस तरह की घटनाओं की आशंका जताई जाती रही है।
 
पुरोला थाना प्रभारी दीपक कठैत ने बताया कि इस घटना में किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई है। सभी स्कूली बच्चे सुरक्षित हैं और उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दूसरी बस से लाखामंडल दर्शन के लिए रवाना कर दिया गया है।
 
हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। प्रशासन और संबंधित विभागों से सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान सुरक्षा उपायों को और सख्त करने की मांग की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks