
डोईवाला में पुलिस ने चेकिंग के दौरान पकड़ा, स्कूटी और 2500 रुपये बरामद; नशे और जुए की लत पूरी करने के लिए वारदात को दिया अंजाम
डोईवाला (देहरादून) हीरो शोरूम में मोबाइल पर फर्जी भुगतान का विवरण दिखाकर स्कूटी ठगने के आरोपी को डोईवाला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी गई हीरो डेस्टिनी स्कूटी और 2500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे और जुआ खेलने का आदी है। अपनी लत पूरी करने के लिए उसने ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, मिस्सरवाला निवासी राहुल अग्रवाल ने 17 जून 2026 को कोतवाली डोईवाला में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कुलजीत सिंह सेठी नाम का व्यक्ति नई हीरो डेस्टिनी स्कूटी खरीदने के लिए उनके शोरूम पहुंचा। इस दौरान उसने अपने मोबाइल पर भुगतान होने का फर्जी विवरण दिखाया और धोखाधड़ी कर स्कूटी लेकर चला गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से गिरफ्तारी
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने पूर्व में ठगी के मामलों में सामने आए आरोपियों की जानकारी जुटाई और उनका सत्यापन किया। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तथा स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 18 अक्तूबर 2026 को चेकिंग के दौरान कुआंवाला स्थित रिवर वैली के पास से कुलजीत सिंह सेठी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से ठगी गई स्कूटी और संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए।
नशे और जुए की लत के चलते बेच चुका है मकान
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह देहरादून के पलटन बाजार स्थित मोती बाजार क्षेत्र में रहता है और नशे तथा जुआ खेलने का आदी है। पुलिस के अनुसार, इन आदतों के चलते वह अपना मकान भी बेच चुका है। फिलहाल वह अपने चाचा के साथ रह रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी लोगों को अपनी बातों में फंसाकर ठगी की घटनाओं को अंजाम देता था।
पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ देहरादून के विभिन्न थानों में ठगी और अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। वह पूर्व में भी जेल जा चुका है। उसके खिलाफ कोतवाली नगर में वर्ष 2022 में धोखाधड़ी और अमानत में खयानत के तीन मुकदमे दर्ज हुए थे। इसके अलावा वर्ष 2024 में डालनवाला कोतवाली में भी एक मुकदमा दर्ज है। आरोपी के पास से एक हीरो डेस्टिनी स्कूटी। 2500 रुपये नकद बरामद हुए
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलजीत सिंह सेठी, निवासी 48 मोती बाजार, एसबीआई बैंक के निकट, पलटन बाजार, देहरादून। के रूप में हुई
Post Views: 1
Post navigation
