उत्तराखंड में आज भी जारी रहेगा बर्फबारी-बारिश का दौर:13 जिलों में यलो अलर्ट, 3 जिलों में लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ा – myuttarakhandnews.com

देहरादून: उत्तराखंड में अब ठंड महसूस होने लगी है। ऊपरी पहाड़ियों पर हुई बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं आज भी बर्फबारी और बारिश का दौर जारी रहने वाला है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो आज 4000 मीटर से ज्यादा उंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के पूरे आसार हैं। साथ ही राज्य के सभी 13 जिलों के लिए तो बारिश का यलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहींं, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) ने आज तीन जिलों टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली में लैंडस्लाइड का खतरा बताया है। साथ ही यहां पर लोगों के लिए चेतावनी भी जारी कर दी गई है। उधर राजधानी देहरादून के साथ ही हल्द्वानी में सुबह से ही बारिश का दौर जारी है, जिसके कारण यहां के तापमान में गिरावट आई है और सुबह के वक्त हल्की ठिठुरन भी लोगों को महसूस होने लगी है।
केदारनाथ में बर्फबारी के बीच बाबा के दर्शन करते श्रद्धालु।यहां बढ़ा लैंडस्लाइड का खतरा GSI ने टिहरी जिले के घनसाली इलाके में धर्मगंगा और बालगंगा के किनारे ढलानों, टिहरी-घनसाली मार्ग और अन्य सड़कों पर खास ध्यान रखने की सलाह दी है। रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ इलाके में बांसवाड़ा-गुप्तकाशी-सोनप्रयाग मार्ग, दुग्गलबिट्टा-उखीमठ-कुंड खंड और अन्य रास्तों पर सतर्क रहने को भी कहा गया है।
वहीं, चमोली जिले के जोशीमठ इलाके में पीपलकोटी-जोशीमठ सड़क, जोशीमठ-गोविंदघाट-लामबगड़-बद्रीनाथ मार्ग और आसपास की सड़कों पर भूस्खलन का खतरा अधिक होने के कारण सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है।
इन जिलों में चलेंगी झोंकेदार हवाएं इसके अलावा, अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, टिहरी और पौड़ी में बादलों की गड़गड़ाहट और हल्की बारिश हो सकती है। कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। राजधानी देहरादून में सुबह से ही झमाझम बारिश का दौर जारी है। वहीं कुछ जगहों पर घने बादलों ने पूरे आसमान को ढक लिया है और ठंडी हवाएं चल रही हैं।
देहरादून में जारी बारिश के बीच खेलते बच्चे।आने वाले दो दिन रहेगा मौसम साफ देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आगामी दो दिन यानी 8 और 9 अक्टूबर को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में आसमान साफ रहेगा और धूप निकलने के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का सिलसिला अब थम जाएगा और अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है। यानी फिलहाल राज्य के लोगों को भारी बारिश और बर्फबारी से राहत मिलने वाली है।
बीते दिन की बारिश से बढ़ी ठंडक वहीं, बीते दिन केदारनाथ और हेमकुंड साहिब में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है, जिसके कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। खासतौर पर पहाड़ी जिलों में ठंड का असर महसूस किया जा रहा है।जिसने सर्दी के मौसम की दस्तक दे दी है। लगातार बारिश के कारण दिन का तापमान नीचे आ गया है, जबकि रातें और ज्यादा ठंडी हो गई हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है। कुल मिलाकर, उत्तराखंड में इस समय बारिश और बर्फबारी के बीच मौसम ने सर्दी की शुरुआत कर दी है। हालांकि दो दिन बाद फिर से धूप निकलने से मौसम में सुधार की उम्मीद है।
राजधानी का तापमान 30 डिग्री से नीचे आया
बीते सोमवार को देहरादून में हुई बारिश के कारण यहां ता तापमान अब 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। यहां का अधिकतम तापमान 27.4 और न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं पंतनगर का अधिकतम तापमान 30.6 और न्यूनतम तापमान 23.6 रहा, मुक्तेश्वर की बात करें तो वहां अधिकतम तापमान 20.3 और न्यूनतम तापमान 11.2 दर्ज किया गया। नई टिहरी में न्यूनतम तापमान 13.6 और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks