
रुद्रपुर। सितारगंज हाईवे पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दिनों हुए हादसों में छह लोगों की मौत के बाद प्रशासन और पुलिस ने दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सख्ती के दावे किए थे। इसके बावजूद शुक्रवार रात बगवाड़ा मंडी के सामने हुए हादसे में बाइक सवार मामा-भांजे की जान चली गई। हादसे के बाद पुलिस डंपर और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सहजनी, रुद्रपुर निवासी 22 वर्षीय रोहित चौहान पुत्र राधेश्याम चौहान शुक्रवार रात अपने 46 वर्षीय मामा अक्षय लाल चौहान पुत्र हंसनाथ चौहान को रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था। अक्षय लाल मूल रूप से ग्राम जुआफर, जिला देवरिया, उत्तर प्रदेश के निवासी थे। उन्हें बाघ एक्सप्रेस ट्रेन से अपने घर लौटना था।
बताया गया कि रात करीब 10 बजे दोनों बाइक से बगवाड़ा मंडी के सामने पहुंचे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल अक्षय लाल चौहान को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोहित के पिता राधेश्याम चौहान ने बताया कि उनका बेटा सिडकुल स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था और चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। वहीं, अक्षय लाल चौहान पांच अक्टूबर को रुद्रपुर आए थे और शुक्रवार रात ट्रेन से अपने घर लौटने वाले थे। लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने दोनों की जान ले ली।
घटना की सूचना मिलने पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देने की बात कही है।
रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दुर्घटना में शामिल डंपर और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्राधिकारी विभव सैनी ने भी बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर मिलने पर उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सितारगंज हाईवे पर लगातार हो रहे हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं। ताजा घटना में दो लोगों की मौत के बाद एक बार फिर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही पर सवाल उठ रहे हैं।
Post Views: 3
Post navigation

