
Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में आंधी, तूफान और बारिश के साथ-साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. उत्तराखंड में कई दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है. कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट है. हालांकि, मौसम विभाग ने 28 अप्रैल से कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश होने की संभावना जताई थी. इस संभावना से देवभूमि के लोगों ने राहत की सांस ली है. वहीं, बागेश्वर में आंधी तूफान ने कहर मचा दिया.
कुछ ऐसा ही बागेश्वर में देखने को मिला. महज आधे घंटे के तेज तूफान ने शहर को झकझोर कर रख दिया. कई इलाकों में घरों की टीन की छतें उड़ गईं, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई. इधर, कॉलेज से लौट रही एक छात्रा के सिर पर उड़ती टीन आ गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई.
तेज हवाओं के बीच एक कार पर घर पर भारी एग्जॉस्ट गिरने से उसका शीशा चकनाचूर हो गया. सड़कों पर मलबा बिखर गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए. प्रशासन हालात का जायजा लेकर राहत कार्य में जुट गया है. वहीं, नई सरयू पुल के पास एक रेस्टोरेंट व्यवसाई की छत की टीन उड़कर सड़क पर गिर गई. हालांकि, शुक्र रहा तब कोई मौजूद नहीं था. इसलिए जनहानि नहीं हुई.
आंधी के कारण इंडोर स्टेडियम के पास एक विशाल पेड़ बीच सड़क पर गिर गया, जिससे यातायात बाधित हो गया. इसी तरह, घटबगढ़ वार्ड में भी एक बड़ा पेड़ एक मकान पर गिरा. उस समय घर में कोई नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. स्थानीय निवासियों के अनुसार, तेज हवाओं के कारण यह क्षति हुई है. घटना के बाद, संबंधित विभागों ने सड़कों से गिरे पेड़ों को हटाने और सामान्य व्यवस्था बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया है. प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है.
