
सितारगंज । सिडकुल मार्ग पर मलपुरी के पास गुरुवार रात को हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान सुल्तान (24) पुत्र शरीफ, नाजिम (16) पुत्र शराफत हुसैन और शादाब (26) पुत्र यामीन के रूप में हुई है। वहीं कैफ (15) पुत्र यामीन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि वाहन गुलफाम पुत्र यामीन चला रहा था, जो हादसे में सुरक्षित बच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी ने अस्पताल पहुंचकर मृतकों के स्वजनों से घटना की जानकारी ली और बाद में मौके का निरीक्षण किया। सीओ ने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही फरार वाहन और चालक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
