

देहरादून: पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी उत्तराखंड के टिहरी में आयोजित कुंजापुरी मेले में परफॉर्म करने पहुंचे थे. लेकिन उनका लाइव कॉन्सर्ट उस वक्त चर्चा में आ गया, जब कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंच गए और बीच में ही कार्यक्रम रुकवा दिया. मंत्री ने दलेर मेहंदी से कहा, ‘आपसे बोला तो जा नहीं रहा है, गाना क्या गाएंगे.’ इसके बाद मंच पर हुई बातचीत का मामला चर्चा में आ गया.
उत्तराखंड के टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का आयोजन किया गया था. मेले में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम रखे गए थे. इसी दौरान मशहूर पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की लाइव परफॉर्मेंस चल रही थी. कार्यक्रम में लोग मौजूद थे और गायक मंच पर गाना गा रहे थे. इसी बीच उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री और नरेंद्रनगर के विधायक सुबोध उनियाल मंच पर पहुंच गए. उन्होंने दलेर मेहंदी के गाना गाने पर नाराजगी जताई और कार्यक्रम रोकने को कहा. मंत्री ने गायक से कहा, ‘आपसे बोला तो जा नहीं रहा है और गाना क्या गाएंगे.
धार्मिक आयोजन की मर्यादा का दिया हवालामंत्री सुबोध उनियाल ने अपनी आपत्ति के दौरान नवरात्र और मां दुर्गा की आराधना से जुड़े आयोजन का भी जिक्र किया. उनका कहना था कि धार्मिक कार्यक्रम में इसकी मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए. इसी बात को लेकर उन्होंने मंच पर दिलेर मेहंदी की प्रस्तुति पर सवाल उठाए. रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दिलेर मेहंदी शराब के नशे में प्रस्तुति दे रहे थे.
दिलेर मेहंदी ने मांगी माफीमंत्री की आपत्ति के बाद दलेर मेहंदी ने वहां मौजूद लोगों से माफी मांगी. इस पूरे घटनाक्रम के बाद कार्यक्रम में हुई बातचीत चर्चा का विषय बन गई. मामला सिर्फ एक लाइव परफॉर्मेंस रुकने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मंच पर मंत्री के सख्त लहजे और गायक को कही गई बातों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई.



