

देहरादून। उत्तराखंंड में कहीं-कहीं मौसम बिगड़ा हुआ है तो किसी जिले में धूप खिली है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सोमवार को प्रदेश के पांच पर्वतीय जनपदों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है। वहीं, 3400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात भी हो सकता है। राज्य के अन्य जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
रविवार रात को हुई झमाझम बारिशबागेश्वर के कपकोट, दुग नाकुरी क्षेत्र में रविवार रात को झमाझम बारिश हुई है, जिससे सुबह कोहरा छाया हुआ है। यहां का अधिकतम तापमान 18 तथा न्यूनतम14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं बात अगर चंपावत की करें तो यहां सोमवार सुबह आंशिक बादल छाए हैं। यहां का न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। वहीं पिथौरागढ़ में धूप खिली हुई है और आंशिक बादलों के बीच रानीखेत व आसपास धूप खिली है।
मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में मध्यम कोहरा छाए रहने की भी संभावना जताई है। सोमवार के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मंगलवार से प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। ऐसे में मैदानी क्षेत्रों में धूप खिलने और पर्वतीय इलाकों में भी मौसम साफ रहने की उम्मीद है।



