देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसंवाद के दौरान लोगों ने क्षेत्रीय विकास, जनसुविधाओं और विभिन्न विभागों से जुड़े प्रकरण मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शासन और प्रशासन के सभी स्तरों पर यह सुनिश्चित किया जाए कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए।दिव्यांग कुलदीप को तत्काल सहायता के निर्देशजनसंवाद के दौरान दिव्यांग कुलदीप ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्या रखी। मुख्यमंत्री ने उनकी स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही ट्राईसाइकिल प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद और पात्र लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।संगठनों ने रखीं मांगेंमुख्यमंत्री ने इस दौरान राज्य कर मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन, प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पू.मा.) शिक्षक संघ, सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी उत्तराखंड, आबकारी उपनिरीक्षक संघ, श्री कल्प केदार मंदिर समिति, देवभूमि पूर्व सैनिक कल्याण समिति तथा हरिद्वार के विभिन्न शिष्टमंडलों एवं प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की।प्रतिनिधिमंडलों ने अपनी विभिन्न मांगों, समस्याओं और सुझावों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनसंवाद के माध्यम से जनता की समस्याओं के समाधान और जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। सरकार का उद्देश्य है कि शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।इस अवसर पर विधायक महंत दिलीप रावत, किशोर उपाध्याय, अनिल नौटियाल, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, जे.सी. कांडपाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
