देहरादून। रक्षाबंधन के पावन पर्व की भावनाओं से ओतप्रोत माहौल में नन्हे कदम पुलिस कार्यालय देहरादून पहुंचे। PUNNYA THE EXPERIENTIAL SCHOOL एवं पुलिस मॉडर्न स्कूल के बच्चों ने पुलिस लाइन देहरादून में एसएसपी देहरादून से भेंट की। वहीं ब्रह्मकुमारी संस्था से आई बहनों ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर एसएसपी की कलाई पर राखी बांधी और उनकी दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि की कामना की।इस अवसर पर नन्हीं बालिकाओं ने एसएसपी को राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की भावनाओं को जीवंत किया। एसएसपी ने भी बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं सहयोग का भरोसा देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।एसएसपी ने बच्चों से आत्मीयता से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उपहार भी प्रदान किए तथा मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।वहीं ब्रह्मकुमारी संस्था से आई बहनों ने एसएसपी को राखी बांधकर उनकी दीर्घायु की कामना की। एसएसपी ने उन्हें आश्वस्त किया कि जनपद पुलिस हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने किसी भी प्रकार की आवश्यकता अथवा सहायता होने पर पुलिस से संपर्क करने का भरोसा दिलाया।भेंट के दौरान ब्रह्मकुमारी संस्था की बहनों ने महिला सुरक्षा के क्षेत्र में एसएसपी दून द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने दून पुलिस की ओर से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए आभार व्यक्त करते हुए पुलिस विभाग को धन्यवाद दिया।रक्षाबंधन के इस अवसर पर पुलिस कार्यालय में भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का भावपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
