देहरादून। जनपद में मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक कर अभियान की रूपरेखा साझा की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे 7 जून से पूर्व प्रत्येक मतदान केंद्र पर अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) नियुक्त कर जिला निर्वाचन कार्यालय को जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि पुनरीक्षण कार्य पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जा सके।
उन्होंने बताया कि जनपद की 10 विधानसभा क्षेत्रों के 1,882 मतदान केंद्रों पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 1,839, कांग्रेस द्वारा 1,717 तथा सीपीआई(एम) द्वारा 378 बीएलए-2 नियुक्त किए जा चुके हैं। अन्य मान्यता प्राप्त दलों द्वारा अभी तक नियुक्तियां नहीं की गई हैं।
8 जून से शुरू होगा डोर-टू-डोर अभियान
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संकलन करेंगे। यदि किसी घर में पहली बार भ्रमण के दौरान ताला बंद मिलता है तो बीएलओ वहां तीन बार पुनः संपर्क करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों के फार्म-6 भी स्वीकार किए जाएंगे, ताकि नए मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।
मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं की होगी पहचान
पुनरीक्षण अभियान के दौरान अनुपस्थित, मृत, स्थानांतरित तथा डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान कर एएसडी सूची तैयार की जाएगी। यह सूची पंचायत भवनों, नगर निकायों तथा संबंधित वेबसाइटों पर प्रकाशित की जाएगी और राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध कराई जाएगी।
बीएलए-2, बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर मतदाता सत्यापन, संशोधन एवं निर्वाचन संबंधी अन्य कार्यों में सहयोग करेंगे।
14 जुलाई को प्रकाशित होगा प्रारूप
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 14 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रथम प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एसआईआर के अंतर्गत जिन मतदाताओं का नाम वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं है, उन्हें निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अनुमन्य दस्तावेजों में से किसी एक की प्रति प्रस्तुत करनी होगी।
80 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं की मैपिंग पूरी
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि प्री-एसआईआर अभियान के तहत जनपद के कुल 13,76,813 मतदाताओं में से 11,06,652 मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है, जो कुल मतदाताओं का 80.38 प्रतिशत है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है।
ईसीआई-नेट और 1950 हेल्पलाइन की सुविधा
जिलाधिकारी ने कहा कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, बीएलए तथा आम नागरिक निर्वाचन आयोग के ईसीआई-नेट प्लेटफॉर्म के माध्यम से मतदाता संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा “बुक ए कॉल विद बीएलओ” सुविधा के जरिए संबंधित बीएलओ से सीधे संपर्क किया जा सकता है। मतदाता सहायता के लिए निर्वाचन आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र प्रसाद देवली सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Post Views: 1
Post navigation
देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने उत्तराखंड में युवाओं को साधने की रणनीति…
हरिद्वार – अर्पण यदुवंशी, सेनानायक SDRF उत्तराखण्ड के निर्देशन में कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं…
सामान्य विसंगति वाले नोटिसों का बीएलओ स्तर पर करें निस्तारण- सीईओ अभी तक 19 लाख…
देहरादून; Uttarakhand Elections 2027: भारतीय जनता पार्टी में 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए टिकट…
देहरादून: कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को अपने कैंप कार्यालय में आयोजित दैनिक जनसुनवाई…
“Bas Apna Kaam Kar.” Keep working, keep creating, and let the work speak for itself.…