रुद्रपुर में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, मामा-भांजे की मौत – myuttarakhandnews.com

रुद्रपुर। सितारगंज हाईवे पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दिनों हुए हादसों में छह लोगों की मौत के बाद प्रशासन और पुलिस ने दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सख्ती के दावे किए थे। इसके बावजूद शुक्रवार रात बगवाड़ा मंडी के सामने हुए हादसे में बाइक सवार मामा-भांजे की जान चली गई। हादसे के बाद पुलिस डंपर और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
 
जानकारी के अनुसार, ग्राम सहजनी, रुद्रपुर निवासी 22 वर्षीय रोहित चौहान पुत्र राधेश्याम चौहान शुक्रवार रात अपने 46 वर्षीय मामा अक्षय लाल चौहान पुत्र हंसनाथ चौहान को रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था। अक्षय लाल मूल रूप से ग्राम जुआफर, जिला देवरिया, उत्तर प्रदेश के निवासी थे। उन्हें बाघ एक्सप्रेस ट्रेन से अपने घर लौटना था।
 
बताया गया कि रात करीब 10 बजे दोनों बाइक से बगवाड़ा मंडी के सामने पहुंचे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल अक्षय लाल चौहान को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
 
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोहित के पिता राधेश्याम चौहान ने बताया कि उनका बेटा सिडकुल स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था और चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। वहीं, अक्षय लाल चौहान पांच अक्टूबर को रुद्रपुर आए थे और शुक्रवार रात ट्रेन से अपने घर लौटने वाले थे। लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने दोनों की जान ले ली।
 
घटना की सूचना मिलने पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देने की बात कही है।
 
रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दुर्घटना में शामिल डंपर और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 
क्षेत्राधिकारी विभव सैनी ने भी बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर मिलने पर उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
 
सितारगंज हाईवे पर लगातार हो रहे हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं। ताजा घटना में दो लोगों की मौत के बाद एक बार फिर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही पर सवाल उठ रहे हैं।


Post Views: 3

Post navigation

pooja Singh

Share
Published by
pooja Singh

Recent Posts

छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप पर स्कूल के बाहर हंगामा, शिक्षक ने सोशल मीडिया पर रखा अपना पक्ष – myuttarakhandnews.com

देहरादून। देहरादून के एक निजी स्कूल में छात्रा से कथित छेड़छाड़ के मामले में शनिवार…

54 minutes ago

त्योहारी सीजन में पलटन बाजार में सुबह 11 से शाम 7 बजे तक वाहनों की एंट्री बंद – myuttarakhandnews.com

देहरादून। त्योहारी सीजन के मद्देनजर देहरादून के पलटन बाजार समेत शहर के अन्य व्यस्त बाजारों…

1 hour ago

सड़कों के निर्माण की नई पहल, स्टेज-2 के कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता: महाराज

देहरादून। उत्तराखण्ड में पर्वतीय सड़कों के निर्माण को गति देने हेतु नई पहल करते हुए…

1 hour ago